
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद परिसर में धक्का-मुक्की विवाद पर कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की है।
संसद परिसर में गुरुवार को अंबेडकर विवाद पर भाजपा और विपक्षी सांसदों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। नगालैंड से बीजेपी की सांसद एस फांगनोन कोन्याक ने कहा कि राहुल गांधी मेरे बहुत करीब आकर खड़े हो गए थे। मैं बेहद असहज हो गई थी। राहुल ने मुझे धमकाया।
किरेन रिजिजू ने राज्यसभा में कहा- राहुल ने महिला सांसदों को धक्का दिया। ये शर्मनाक है, हम विश्वास भी नहीं कर पा रहे। ये कुश्ती का अखाड़ा नहीं है। राहुल ने जिस तरह से 2 सांसदों को मारा है, अगर हम भी वैसे ही हाथ उठाते तो क्या होता। हमारे पास संख्या बल ज्यादा है।
संसद के बाहर प्रियंका गांधी ने मीडिया से कहा- भाजपा सांसद गुंडागर्दी कर रहे हैं। अमित शाह की खाल बचाने के लिए भाजपा ने ये साजिश शुरू कर दी है कि राहुल ने किसी को धक्का दिया है। मेरी आंखों के सामने खड़गे जी को धक्का दिया गया। वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद भाजपा ने फिर सीपीआई (एम) सांसद को धक्का दिया, जो खड़गे जी पर गिरे। मुझे लगा कि इससे उनका पैर टूट जाएगा। उन्हें चोट लगी है। 82 साल के खड़गे जी के लिए कहीं से कुर्सी लाई गई।
गृह मंत्री अमित शाह के 17 दिसंबर को अंबेडकर पर दिए बयान को लेकर संसद में लगातार दूसरे दिन हंगामा हुआ। गुरुवार को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी नीले कपड़े पहनकर पहुंचे।
लोकसभा-राज्यसभा में भी विपक्ष ने हंगामा किया। कांग्रेस की मांग है कि गृह मंत्री माफी मांगें। सदन के अंदर जय भीम के नारे लगाए। इसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही पहले दोपहर 2 बजे फिर पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

लाइव अपडेट्स
उप-राष्ट्रपति के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव खारिज

राज्यसभा के सभापति और उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के खिलाफ विपक्ष की तरफ से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को उप-सभापति हरिवंश ने खारिज कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, उप-सभापति ने कहा कि यह नोटिस विपक्ष का गलत कदम है, जिसमें बहुत खामियां हैं और जो सिर्फ सभापति की छवि खराब करने के मकसद से लाया गया है।
उन्होंने अपने जवाब में कहा कि महाभियोग का नोटिस देश के संवैधानिक संस्थानों को बदनाम करने और वर्तमान उपराष्ट्रपति की छवि धूमिल करने की साजिश का हिस्सा है।
संसद के शाीतकालीन सत्र के 10वें दिन (10 दिसंबर) विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था।
विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा के जनरल सेक्रेटरी पीसी मोदी को धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया था। पीसी मोदी ने ही आज उप-सभापति का जवाब सदन में रखा। पूरी खबर पढ़ें…
प्रियंका बोलीं- भाजपा सांसदों ने गुंडागर्दी की
प्रियंका गांधी ने कहा- हम इतने दिनों से विरोध कर रहे हैं और लोगों के लिए हमेशा इंडिपेंडेंट एंट्री की जगह होती है। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन रोजाना सुबह 10.30 बजे से 11 बजे तक हो रहे हैं। आज पहली बार भाजपा सांसदों ने विरोध किया। सभी को रोका और फिर धक्का-मुक्की और गुंडागर्दी की।
अब अमित शाह की खाल बचाने के लिए उन्होंने (भाजपा) ये साजिश शुरू कर दी है कि भैया (राहुल) ने किसी को धक्का दिया है। मेरी आंखों के सामने खड़गे जी को धक्का दिया गया। वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद भाजपा ने फिर सीपीआई (एम) सांसद को धक्का दिया, जो खड़गे जी पर गिरे। मुझे लगा कि इससे उनका पैर टूट जाएगा, क्योंकि उनके चेहरे से साफ पता चल रहा था कि उन्हें चोट लगी है। 82 साल के खड़गे जी के लिए कहीं से कुर्सी लाई गई। हमारी तरफ से शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन चल रहा था।
बीजेपी सांसद बोलीं- राहुल मेरे करीब आकर खड़े हुए, चिल्लाया भी
नगालैंड से बीजेपी की सांसद एस फांगनोन कोन्याक ने कहा कि राहुल गांधी मेरे बहुत करीब आकर खड़े हो गए थे। मैं बेहद असहज हो गई थी। राहुल ने मुझपर चिल्लाया भी।
02:18 PM19 दिसम्बर 2024
किरेन रिजिजू ने कहा- सदन कुश्ती का अखाड़ा नहीं है
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- लेडी सांसदों को धक्का दिया। ये शर्मनाक है, हम विश्वास भी नहीं कर पा रहे। लेकिन हाथापाई करके संसद को नीचे स्तर तक गिराना नहीं चाहते। राहुल गांधी जी का व्यवहार निंदनीय है, कांग्रेस सदन से, पूरे देश से माफी मांगे। ये कुश्ती का अखाड़ा नहीं है। राहुल ने जिस तरह से 2 सांसदों को मारा है, अगर हम भी वैसे ही हाथ उठाते तो क्या होता। हमारे पास संख्या बल ज्यादा है।
शाह के अंबेडकर पर दिए बयान के बाद विवाद की टाइमलाइन…

12:33 PM19 दिसम्बर 2024
भाजपा सांसद बोले- कांग्रेस ने 12 सेकेंड का वीडियो पोस्ट कर विवाद बढ़ाया
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, अगर कांग्रेस को कुछ आपत्तिजनक लगा तो उन्होंने संसद में मौके पर इसका जवाब क्यों नहीं दिया? 12 घंटे बाद उन्होंने 12 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया। क्या सोरोस सीक्रेट सर्विस ने उन्हें संकेत भेजा था कि अगली सुबह उन्हें 12 सेकंड का वीडियो तैयार करना है… (कांग्रेस) लाख चेहरा बदल ले, लेकिन आईना कभी झूठ नहीं बोलता।
12:06 PM19 दिसम्बर 2024
खड़गे ने राजयसभा में शाह के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस दिया
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 17 दिसंबर, 2024 को राज्यसभा में डॉ अंबेडकर पर अपमानजनक टिप्पणी के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस पेश किया है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने X पर इसकी जानकारी दी।
11:49 AM19 दिसम्बर 2024
प्रमोद तिवारी बोले- जब तक गृह मंत्री माफी नहीं मांगते, आवाज उठाते रहेंगे
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा- अमित शाह ने जो कहा, उसे पूरी दुनिया ने देखा है। यह लाइव टेलीकास्ट था। उसके बाद वह झूठ बोल रहे हैं। यह देश बाबा साहब अंबेडकर का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकता। जब तक अमित शाह इस्तीफा नहीं देते और माफी नहीं मांगते, तब तक हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
11:47 AM19 दिसम्बर 2024
अनुराग ठाकुर बोले- कांग्रेस की देश के सामने पोल खुली, इसलिए बाहर निकले
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, “नेहरू-गांधी परिवार ने हमेशा अंबेडकर का अपमान किया। नेहरू ने खुद अंबेडकर के खिलाफ साजिश रची ताकि वे चुनाव हार जाएं और राजनीति छोड़ने पर मजबूर हो जाएं। कांग्रेस की तीन पीढ़ियों ने बाबासाहेब को भारत रत्न नहीं दिया। जो गांधी परिवार उन्हें प्रताड़ित करता था और नजरअंदाज करता था, आज जब संसद सत्र में देश के सामने उनकी पोल खुल गई है, तो वे बाबासाहेब की तस्वीर लेकर बाहर निकलने को मजबूर हैं।
राहुल गांधी ने कांग्रेस सांसदों के साथ संसद भवन में मीटिंग की


11:04 AM19 दिसम्बर 2024
भाजपा सांसद सारंगी चोटिल, आरोप- धक्कामुक्की में गिरे
भाजपा सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने कहा, ‘राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया। सांसद मेरे ऊपर गिरे, जिसके बाद मैं नीचे गिर गया। मैं सीढ़ियों के पास खड़ा था।’
राहुल गांधी आज नीली टी-शर्ट पहनकर संसद पहुंचे
10:03 AM19 दिसम्बर 2024
राज्यसभा में बाबा साहेब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी मांगने और इस्तीफे की मांग करते हुए INDIA ब्लॉक आज बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा से मकर द्वार तक मार्च करेगा।
09:58 AM19 दिसम्बर 2024
प्रियंका गांधी बोलीं- शाह के मन में अंबेडकर के लिए सम्मान नहीं
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि संसद में इन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया है। आज सुबह आपने इनका (भाजपा का) ट्विटर (X) हैंडल देखा। क्या है इनके ट्विटर हैंडल पर? इन्होंने बाबा साहेब की तस्वीर के साथ खिलवाड़ किया है। ये वही सोच है, जो बाबा साहेब की मूर्तियों के हाथ-पैर काट देते हैं। इन पर कौन भरोसा करेगा?
प्रियंका ने ये भी कहा कि ये लोग (भाजपा) संविधान को खत्म नहीं करना चाहते, संविधान को बदलना नहीं चाहते तो ये क्या कर रहे है? एक बेसिक रिस्पेक्ट होती है। एक आदर जो होना चाहिए, वो आदर ही नहीं है। ये (बाबा साहेब अंबेडकर) संविधान निर्माता हैं। उनके बारे में आप ऐसा कह रहे हैं।
09:58 AM19 दिसम्बर 2024
BJP ने कांग्रेस से जुड़ी एडिटेड तस्वीर सोशल मीडिया X पर शेयर की
09:29 AM19 दिसम्बर 2024
18 दिसंबर: अंबेडकर-आरक्षण बयान पर शाह ने सफाई दी, खड़गे ने इस्तीफा मांगा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को गृहमंत्री पर अंबेडकर के अपमान का आरोप लगाया, जिसके बाद गृह मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के आरोपों का जवाब दिया।
राज्यसभा में अंबेडकर को लेकर अपनी टिप्पणी पर गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि जब साबित हो गया कि कांग्रेस अंबेडकर विरोधी पार्टी है, आरक्षण विरोधी है, संविधान विरोधी है, तो कांग्रेस ने अपनी पुरानी रणनीति अपनाते हुए बयानों को तोड़ना-मरोड़ना शुरू कर दिया।
दरअसल, खड़गे ने अंबेडकर पर शाह की टिप्पणी को लेकर बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से गृह मंत्री अमित शाह को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और शाह एक-दूसरे के पापों और बातों का बचाव करते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
09:27 AM19 दिसम्बर 2024
18 दिसंबर: मोदी, शाह के सपोर्ट में आए, कहा- कांग्रेस अंबेडकर पर नाटक कर रही
विपक्षी नेताओं की तरफ से गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग के बाद बुधवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को जवाब दिया। मोदी ने X पर 6 पोस्ट किए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘कांग्रेस अब अंबेडकर पर नाटक कर रही है। पंडित नेहरू ने चुनाव में अंबेडकर के खिलाफ प्रचार किया था। उन्हें भारत रत्न देने से कांग्रेस ने इनकार किया। एससी-एसटी पर सबसे ज्यादा नरसंहार कांग्रेस के शासन काल में हुए हैं।’

वन नेशन-वन इलेक्शन पर बनी JPC में प्रियंका गांधी

एक देश, एक चुनाव के लिए संसद में मंगलवार को पेश हुए 129 वें संविधान (संशोधन) बिल की समीक्षा के लिए बनने वाली जॉइंट पार्लियामेंट्री कमेटी (JPC) में शामिल दोनों सदनों के सांसदों की जानकारी सामने आ गई है। लोकसभा से 21 और राज्यसभा से 10 सांसदों को इस JPC के लिए चुना गया है।
कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी वाड्रा, मनीष तिवारी और सुखदेव भगत सिंह को शामिल किया गया है। भाजपा की तरफ से बांसुरी स्वराज, संबित पात्रा और अनुराग सिंह ठाकुर समेत 10 सांसद हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस (TMC) से कल्याण बनर्जी का नाम है। इसके अलावा सपा, DMK, TDP समेत 8 अन्य पार्टियों से एक-एक सांसद इस JPC का सदस्य बनाया गया है।